वेब स्टोरी

लखनऊ में चीनी मांझे से युवक की मौत के बाद सख्त हुई योगी सरकार, पूरे प्रदेश में लगा प्रतिबंध

लखनऊ। राजधानी में पतंग उड़ाने के दौरान इस्तेमाल हो रहे खतरनाक चीनी मांझे से हुई एक दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यभर में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। साथ ही पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि इसके खिलाफ सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि चीनी मांझे की वजह से होने वाली किसी भी मौत को सामान्य हादसा नहीं माना जाएगा, बल्कि इसे गंभीर आपराधिक कृत्य की श्रेणी में रखा जाएगा। इस संबंध में पूरे प्रदेश में चल रही कार्रवाई की समीक्षा उच्च स्तर पर की जाएगी, ताकि लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे।

यह फैसला लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद लिया गया है। हैदरगंज ओवरब्रिज पर दोपहर के समय बाइक से जा रहे एक युवक की गर्दन हवा में लटक रहे मांझे की चपेट में आ गई। धारदार मांझे से गले की नस कटने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल युवक ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय सैयद शोएब के रूप में हुई है, जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्यरत थे और किसी काम से इलाके से गुजर रहे थे। इस घटना ने शहर में चीनी मांझे के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

इससे पहले भी चीनी मांझे से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में पतंग का तार हाईटेंशन लाइन पर गिरने से मेट्रो सेवाएं बाधित हो गई थीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

सरकार का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रतिबंध के बाद अब अवैध रूप से चीनी मांझा बेचने, रखने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed