अयोध्या में राम मंदिर परियोजना अपने अंतिम चरण में, निर्माण समिति ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक दूसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को हुई इस अहम बैठक में राम कथा संग्रहालय समेत मंदिर परिसर से जुड़े शेष निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने की।
बैठक से पहले नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर परियोजना पर अनुमानित कुल खर्च लगभग 1900 करोड़ रुपये है। अब तक जीएसटी सहित करीब 1600 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मंदिर से संबंधित सभी निर्माण कार्य आगामी 30 अप्रैल तक पूरे कर लिए जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज साइट से औपचारिक रूप से हट जाएंगी। हालांकि, दोनों कंपनियों ने मंदिर निर्माण को लेकर तीन साल की गारंटी दी है और रखरखाव के लिए उनकी एक छोटी तकनीकी टीम मंदिर परिसर में तैनात रहेगी।
निर्माण समिति अध्यक्ष ने बताया कि सभी बिलों और दस्तावेजों के भुगतान की प्रक्रिया भी 30 अप्रैल तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं राम कथा संग्रहालय के अंतर्गत बनने वाले ऑडिटोरियम का कार्य अभी प्रगति पर है, जिसे अप्रैल के अंत तक पूरा किए जाने की उम्मीद है।
राम मंदिर परियोजना के अंतिम चरण में पहुंचने से श्रद्धालुओं और राम भक्तों में उत्साह का माहौल है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











