लखनऊ में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, पुलिस से कार्यकर्ताओं की झड़प
लखनऊ- लखनऊ में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब कांग्रेस के प्रस्तावित विधानसभा मार्च को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही कड़ी बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही कार्यकर्ता आगे बढ़े, दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मनरेगा और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करने की घोषणा की थी। बजट सत्र चलने के कारण प्रशासन पहले से सतर्क था और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कई प्रमुख नेताओं को एहतियातन नजरबंद भी किया गया।
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समर्थक लखनऊ पहुंचे थे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











