देहरादून जिला न्यायालय को दो दिन में दूसरी बार बम धमकी, परिसर खाली कर चलाया गया सघन सर्च अभियान
देहरादून। दून जिला न्यायालय को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियातन कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराकर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया।
बताया गया कि जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें निर्धारित समय पर विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। संदेश में परिसर के भीतर कई विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
करीब दो घंटे तक न्यायालय भवन और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। प्रत्येक कक्ष, गलियारे और पार्किंग क्षेत्र की जांच की गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद ही कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को पुनः परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
इस घटना से पहले भी न्यायालय को इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। इसके अतिरिक्त नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के न्यायालय परिसरों को भी हाल के दिनों में धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए थे, जिसके बाद राज्यभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल की तकनीकी जांच के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। संदेश भेजने वाले की पहचान और उसके उद्देश्य का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री या विस्फोटक नहीं मिलने से स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











