पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, पश्चिमी यूपी में बादल और बूंदाबांदी
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ में हल्की धूप के बीच बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि प्रदेश के पश्चिमी जिलों में आसमान घिरा रहा और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि एक दिन पहले तक तेज धूप का असर बना हुआ था।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा समेत कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की वजह से दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी।
इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा। वाराणसी और सोनभद्र जैसे जिलों में आंशिक बादल तो दिखाई दिए, लेकिन ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में बदलाव आया है। इसी सिस्टम के चलते पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा और बादल छाए रहने की स्थिति बनी। आने वाले एक-दो दिनों में मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना जताई गई है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











