वेब स्टोरी

हरिद्वार में राज्य कर विभाग का कर्मचारी 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून- हरिद्वार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने राज्य कर विभाग में तैनात एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बंद हो चुकी फर्म के पुराने टैक्स मामले को निपटाने के बदले मोटी रकम मांगने का आरोप है।

शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को दी शिकायत में बताया कि उसकी फर्म ‘हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री’ वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का करीब 1.76 लाख रुपये वैट बकाया दर्शाया गया था। आरोप है कि इस बकाया को समाप्त कराने के नाम पर विभाग में तैनात डेटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल ने 1.20 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। रकम किस्तों में देने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 20 हजार रुपये नकद लेते समय धर दबोचा। गिरफ्तारी सहायक आयुक्त, राज्य कर खंड-3 कार्यालय के पास की गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से उपनल के माध्यम से विभाग में कार्यरत था और पुराने वैट मामलों के निपटारे के नाम पर धन उगाही कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed